वर्ल्डस्किल्स-2026 में उत्तराखंड के युवाओं का जलवा, सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने जीते रजत पदक

वर्ल्डस्किल्स-2026 में उत्तराखंड के युवाओं का जलवा, सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने जीते रजत पदक
Spread the love

देहरादून। चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 रजत पदक और 20 मेडलियन फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत ने वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया, जिसे वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया गया है।

भारत की इस उपलब्धि में उत्तराखंड के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उत्तराखंड की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स कौशल और पार्थ वोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी कौशल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक अर्जित किया। दोनों युवाओं की उपलब्धि से उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय कौशल मंच पर गौरवान्वित हुआ है।

वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता विश्व का प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कौशल मंच है, जिसमें विभिन्न देशों के युवा प्रतिभागी तकनीकी कौशल, दक्षता, नवाचार, सृजनात्मकता और व्यावसायिक उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हैं। वर्ष 2026 की प्रतियोगिता में विश्वभर से लगभग 1,400 प्रतिभागियों ने 64 विभिन्न कौशल विधाओं में हिस्सा लिया। ऐसे वैश्विक मंच पर उत्तराखंड के दो युवाओं द्वारा रजत पदक हासिल करना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सानिया जोशी और पार्थ वोहरा की इस सफलता की शुरुआत इंडिया स्किल्स 2025-26 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं चयन प्रक्रिया से हुई। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति द्वारा प्रदेश के युवाओं को विभिन्न कौशल विधाओं में अपनी प्रतिभा और दक्षता प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए गए।

इंडिया स्किल्स की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन किया जाता है। चयनित प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है।

इसी प्रक्रिया के तहत सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने अपनी-अपनी कौशल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डस्किल्स के वैश्विक मंच तक जगह बनाई और भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। दोनों की उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए भी कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा है।

यह उपलब्धि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखंड कौशल विकास समिति द्वारा प्रदेश के युवाओं में कौशल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने के प्रयासों को भी रेखांकित करती है।

देवभूमि खबर

Related articles