मुख्य सचिव ने चम्पावत में विकास एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा, पर्यटन और एरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्य सचिव ने चम्पावत में विकास एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा, पर्यटन और एरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने पर जोर
Spread the love

चम्पावत। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज चम्पावत जनपद के टनकपुर/शारदा बैराज, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, बूम, बाटनागाड़ एवं श्यामलाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विकास परियोजनाओं के साथ-साथ बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पर्यटन एवं एरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं की जानकारी भी ली और इन क्षेत्रों को व्यवस्थित रूप से विकसित करने पर बल दिया।

मुख्य सचिव ने टनकपुर स्थित शारदा कॉरिडोर परियोजना की जमीनी स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही ब्रिडकुल के अधिकारियों से 480 मीटर लंबे स्पान पुल की तकनीकी जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

बूम व बाटनागाड़ क्षेत्रों में हो रहे भू-कटाव का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मुख्य सचिव ने पूर्ण Channelization के बाद प्रभावी बाढ़ सुरक्षा कार्य लागू करने के निर्देश दिए। शारदा नदी के तट पर पहुंचकर उन्होंने सिंचाई विभाग को भावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव ने बाटनागाड़ क्षेत्र के मार्ग का निरीक्षण किया और सांवलीकरण एवं अवसंरचना सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप चम्पावत में विकसित किए जा रहे Spiritual Economic Zone एवं Eco Tourism को गति देने के उद्देश्य से मुख्य सचिव ने श्यामलाताल क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कृषि, उद्यान एवं NRLM द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय लाल चावल, मधुमक्खी पालन एवं अन्य उत्पादों को प्रोत्साहन एवं बाजार उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभिन्न स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को प्रदान की। कुमाऊं मंडलायुक्त श्री दीपक रावत, पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles