विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में सीएम धामी ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह, प्रधानमंत्री मोदी की पहल की सराहना

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में सीएम धामी ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह, प्रधानमंत्री मोदी की पहल की सराहना
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अभिनव पहल “यंग लीडर्स डायलॉग” की सराहना की। भारत मंडपम, नई दिल्ली में 09 से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए चयनित युवाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त मंच है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागी युवाओं के साथ उनके शिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि लाखों विद्यार्थियों में से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग संवाद कार्यक्रम के लिए चयनित होना अपने आप में गर्व का विषय है। यह केवल एक कार्यक्रम में भागीदारी का अवसर नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देशभर के प्रतिभाशाली साथियों से सीखने और संवाद करने का अवसर मिलेगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यंग लीडर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी और आने वाले समय में यही युवा नवाचार, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्टता के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत उस दौर में खड़ा है, जहां केवल सपने नहीं देखे जाते, बल्कि उन्हें संकल्प और परिश्रम से साकार किया जाता है। अंतरिक्ष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल सहित हर क्षेत्र में भारतीयों ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। इसी का परिणाम है कि आज देश का तिरंगा देश-विदेश में गौरव के साथ लहरा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, निदेशक खेल श्री आशीष चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles