आपदा प्रभावित किसानों की मदद के लिए ठोस कदम – उत्तरकाशी में बनेगा अस्थायी स्टोरेज, सेब की एमएसपी का वैकल्पिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश :  गणेश जोशी

आपदा प्रभावित किसानों की मदद के लिए ठोस कदम – उत्तरकाशी में बनेगा अस्थायी स्टोरेज, सेब की एमएसपी का वैकल्पिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश :  गणेश जोशी
Spread the love

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान और उनके समाधान के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद उत्तरकाशी के धराली और आसपास के क्षेत्रों में शीघ्र अस्थायी स्टोरेज का निर्माण कराया जाए, ताकि किसानों की उपज सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित किसानों को समय पर फल, सब्जियों के बीज, कृषि मशीनें और उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों की फसलों का शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कार्यवाही की जाए और एप्पल मिशन के अंतर्गत किसानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यदि उत्तरकाशी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क मार्ग समय पर नहीं खुल पाए तो सेब उत्पादकों को नुकसान से बचाने के लिए एमएसपी का वैकल्पिक प्रस्ताव भी तैयार रखा जाए। कृषि मंत्री ने सेब के ए और बी ग्रेड फलों की एमएसपी का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने जायका परियोजना पर भी जोर देते हुए कहा कि नवंबर माह से प्लांटेशन कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने बताया कि यह परियोजना प्रदेश के चार पर्वतीय जनपदों—टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ के 16 विकासखंडों में किसान उत्पादक संगठनों के सहयोग से लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत औद्यानिकी के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि परियोजना में कीवी को गेम चेंजिंग क्रॉप के रूप में और सेब की अति सघन बागवानी को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री मधुग्राम योजना की प्रगति को और तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रस्तावित विकसित कृषि संकल्प अभियान पर भी विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को इसे सफलतापूर्वक लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं केंद्र पोषित योजनाओं पर तेजी से कार्य करने पर भी बल दिया।

बैठक में कृषि सचिव डॉ. एस.एन. पांडेय, कृषि निदेशक परमाराम, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, संयुक्त निदेशक सुरेशराम, बागवानी मिशन के निदेशक महेंद्र पाल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles