एसआईआर अभियान पर कांग्रेस सक्रिय, प्रदेशभर में 10-सदस्यीय निगरानी समितियां गठित, देहरादून में कंट्रोल रूम शुरू

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिसों के मद्देनज़र प्रदेश कांग्रेस ने राज्यभर में जिला एवं महानगर स्तर पर 10-सदस्यीय एसआईआर निगरानी समितियों के गठन के निर्देश दिए हैं। इन समितियों का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करना और यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से न कटे।
इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी की उपस्थिति में एसआईआर कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया गया।
राजेंद्र भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नोटिसों के कारण आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कांग्रेस संगठन प्रदेशभर में सक्रिय भूमिका निभाएगा। जिला एवं महानगर स्तर पर गठित समितियां प्रभावित मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देंगी और एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम राज्यभर से प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं का समन्वय करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जिलों और निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष मामलों को प्रभावी ढंग से उठाएगा। कांग्रेस का प्रयास है कि उत्तराखण्ड का कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस समितियों से एसआईआर अभियान के दौरान गंभीरता से कार्य करते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव राजेंद्र शाह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, कंट्रोल रूम प्रभारी राकेश नेगी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

