ऊधमसिंहनगर पुलिस और एसटीएफ के संयुक्त अभियान में 50,000 रु. का इनामी अपराधी अरविंद यादव गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक द्वारा वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 50,000 रुपये के इनामी अपराधी अरविंद यादव को बिहार के शेखपुरा से गिरफ्तार कर लिया। अरविंद यादव पर 2014 में रुद्रपुर के संजयनगर खेड़ा में एक महिला की हत्या का आरोप है, जिसके बाद वह फरार हो गया था। महिला की मां द्वारा रुद्रपुर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें यह आरोपी 10 वर्षों से पुलिस से बचता फिर रहा था।
पुलिस के अनुसार, अरविंद यादव हत्या के बाद से बिहार, हैदराबाद, गुजरात और मुंबई में बार-बार ठिकाना बदलकर रह रहा था। पिछले कुछ दिनों से पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी, जो बिहार के शेखपुरा में पाई गई। इसके बाद एक टीम को गिरफ्तारी के लिए भेजा गया, जिसने 10 नवंबर को उसे शेखपुरा के अरियारी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड के जरिए ऊधमसिंहनगर लाया गया।
अरविंद यादव ने हत्या के बाद अपनी पहचान बदलकर “गौरव” नाम से एक राज्य से दूसरे राज्य में शरण ली थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए घर की कुर्की भी की थी और 2017 में उस पर इनाम घोषित किया गया था।


