साइबर सेल श्रीनगर की त्वरित कार्रवाई: ऑनलाइन ठगी में फंसे ₹93,000/- पीड़ित को लौटाए, अब तक 1.22 करोड़ से अधिक धनराशि कराई सुरक्षित वापस

साइबर सेल श्रीनगर की त्वरित कार्रवाई: ऑनलाइन ठगी में फंसे ₹93,000/- पीड़ित को लौटाए, अब तक 1.22 करोड़ से अधिक धनराशि कराई सुरक्षित वापस
Spread the love

पौड़ी। ऑनलाइन ठगी के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जनपद पौड़ी की साइबर सेल श्रीनगर ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल की सक्रियता से ऑनलाइन धोखाधड़ी में गवांई गई ₹93,000/- की धनराशि सुरक्षित रूप से पीड़ित के खाते में वापस लौटा दी गई।

जनपद पौड़ी निवासी श्री सोहन सिंह ने दिनांक 12 अगस्त 2025 को एक प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि कुछ लोगों ने उनसे ₹93,000/- की ऑनलाइन ठगी की है और पैसे वापस मांगने पर उन्होंने संपर्क भी तोड़ दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल यूनिट श्रीनगर को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच और बैंक विवरणों का गहन विश्लेषण करते हुए निरंतर प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप संपूर्ण राशि वादी के खाते में सुरक्षित वापस कराई गई।

अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर सेल टीम श्रीनगर का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की।

साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जनपद पौड़ी की साइबर सेल टीमें (श्रीनगर एवं कोटद्वार) लगातार सक्रिय हैं। वर्ष 2025 में अब तक इन टीमों द्वारा कुल ₹1,22,47,242/- की धनराशि विभिन्न पीड़ितों को सुरक्षित रूप से वापस कराई जा चुकी है।

पौड़ी पुलिस ने जनता से अपील की कि ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए किसी भी अजनबी को अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत निकटतम थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

देवभूमि खबर

Related articles