फर्जी चालान लिंक से ₹1.20 लाख की साइबर ठगी, कोटद्वार पुलिस ने गुजरात से आरोपी दबोचा

फर्जी चालान लिंक से ₹1.20 लाख की साइबर ठगी, कोटद्वार पुलिस ने गुजरात से आरोपी दबोचा
Spread the love

पौड़ी।कोटद्वार में फर्जी चालान लिंक के जरिए साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें एक क्लिक की गलती पीड़ित को भारी पड़ गई। चालान के नाम पर भेजे गए लिंक को डाउनलोड करने पर पीड़ित के बैंक खाते से ₹1,20,000 की धनराशि निकल गई।

दिनांक 12 फरवरी 2026 को वादी जीत सिंह निवासी कोटद्वार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके मोबाइल पर चालान संबंधी एक संदेश प्राप्त हुआ था। संदेश में दिए गए लिंक को खोलते ही उनके खाते से ₹1.20 लाख की रकम कट गई। इस पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0-32/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जांच करते हुए पुलिस ने अहम सुराग जुटाए, जिसके आधार पर अहमदाबाद निवासी अभियुक्त अभिषेक सोलंकी की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त ने फ्लिपकार्ट एप के माध्यम से पीड़ित के खाते से धनराशि का लेन-देन किया था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा
उपनिरीक्षक दीपक अरोड़ा,आरक्षी अमरजीत शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles