गोपेश्वर जिला अस्पताल में डायलिसिस सेंटर खोलने की मांग तेज, पूर्व मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने सांसद अनिल बलूनी को लिखा पत्र
चमोली जनपद के जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में डायलिसिस सेंटर खोलने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह भंडारी ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने कहा कि जनपद चमोली के कई मरीज किडनी संबंधी बीमारियों से ग्रसित हैं, लेकिन जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को देहरादून और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए बाहर जाकर इलाज कराना बेहद कठिन साबित हो रहा है। ऐसे में यदि गोपेश्वर जिला अस्पताल में डायलिसिस सेंटर स्थापित हो जाता है तो बड़ी संख्या में मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार मिल सकेगा और उनकी परेशानियां कम होंगी।
पूर्व मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने सांसद अनिल बलूनी से अपने स्तर से शीघ्र पहल करते हुए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में डायलिसिस सेंटर खुलवाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से अनेक मरीजों की जिंदगी बचाई जा सकेगी और पूरे जनपद को इसका लाभ मिलेगा।

