20 हजार का इनामी धोखाधड़ी अभियुक्त जेल में, पूछताछ में कई संदिग्धों के नाम आए सामने
देहरादून। रायपुर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया 20 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त प्रदीप सकलानी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है। अभियुक्त के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के करीब 26 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दो दर्जन से अधिक चेक बाउंस के मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं।
पुलिस के अनुसार प्रदीप सकलानी नेहरू कॉलोनी थाने के तीन मामलों तथा रायपुर थाने के एक मामले में वांछित चल रहा था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने कई संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी दी, जिन पर धोखाधड़ी में सहयोग करने तथा पुलिस कार्रवाई से बचाने एवं मामलों को रफा-दफा कराने में मदद करने के आरोप हैं।
पुलिस द्वारा ऐसे सभी संदिग्ध व्यक्तियों को लगातार पूछताछ के लिए थाने बुलाया जा रहा है। इसी क्रम में हेम भट्ट नामक व्यक्ति, जिसका नाम प्रदीप सकलानी ने विवेचकों को बताया, को भी संदिग्धता के आधार पर पूछताछ हेतु थाने बुलाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

