देवप्रयाग पुलिस ने 10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोचा,करीब ₹3 लाख की स्मैक बरामद

देवप्रयाग पुलिस ने 10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोचा,करीब ₹3 लाख की स्मैक बरामद
Spread the love

पौड़ी। जनपद पौड़ी में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देवप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान कार संख्या UK12 V-4532 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार में सवार रजत नेगी (21 वर्ष), निवासी पौड़ी के कब्जे से 5.30 ग्राम तथा काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल (24 वर्ष), निवासी धारा रोड, पौड़ी के कब्जे से 5.03 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 10.33 ग्राम स्मैक मिलने पर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को देहरादून से कम कीमत पर खरीदकर पौड़ी क्षेत्र में अधिक दाम पर बेचने के उद्देश्य से ला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें स्मैक किसने उपलब्ध कराई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देवप्रयाग में मु.अ.सं. 02/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आरोपी न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।

देवभूमि खबर

Related articles