देहरादून में 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ₹15 लाख कीमत

देहरादून में 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ₹15 लाख कीमत
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹15 लाख बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/22(सी)/29/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि एएनटीएफ को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर सेलाकुई क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी स्कूटी की डिक्की में कैटामाइन छिपाकर ले जा रहे थे। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पहचान कैटामाइन के रूप में की।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को यह मादक पदार्थ पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार, निवासी जमनपुर, सेलाकुई (देहरादून) तथा अंकित तिवारी, मूल निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई (देहरादून) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन, एक जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या एसटीएफ/एएनटीएफ को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और संगठित ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles