धामी सरकार ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर की 65 वर्ष,550 विशेषज्ञ डॉक्टरों को मिलेगा लाभ
देहरादून।प्रदेश सरकार ने नए साल में विशेषज्ञ डॉक्टरों को बड़ा तोहफा देते हुए उनकी सेवानिवृत्ति की आयु सीमा 60 से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी है। इससे राज्य के लगभग 550 विशेषज्ञ डॉक्टरों को लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि इस फैसले से प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर होगी और दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि सरकार जनता को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवावृद्धि का निर्णय लिया गया है, जिससे मरीजों को अधिक अनुभवी डॉक्टरों का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य सचिव के अनुसार, 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों को प्रशासनिक या वित्तीय जिम्मेदारियां नहीं दी जाएंगी। उन्हें मुख्य परामर्शदाता के रूप में उनकी विशेषज्ञता के अनुसार उपलब्ध रिक्त पदों पर नियुक्त किया जाएगा। साथ ही, ऐसे डॉक्टरों को आगे पदोन्नति नहीं मिलेगी, लेकिन वेतन वृद्धि और अन्य सेवा लाभ सरकारी नियमों के अनुसार प्रदान किए जाएंगे।
