कांग्रेस में टिकट बेचने और दलाली के आरोप चिंताजनक: मनवीर सिंह चौहान
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस में निकाय चुनाव के बाद मचे अंदरूनी विवाद को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए बेहद चिंताजनक बताया है। उन्होंने कांग्रेस में टिकट बेचने, दलाली और आंतरिक कलह के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इससे राजनीतिक दलों की छवि खराब हो रही है।
चौहान ने कांग्रेस के अंदरूनी हालातों को दुर्भाग्यपूर्ण और समाज के लिए हानिकारक करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री ही अपनी पार्टी पर टिकट बेचने और दलालों को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगा रहे हैं, और यह सब सार्वजनिक मंच पर हो रहा है।
उन्होंने बताया कि निकाय चुनाव परिणाम की समीक्षा को लेकर बंद कमरों में हुई बैठकों में भी गंभीर हालात की चर्चा हो रही है। इससे पहले भी टिकट वितरण में पैसों के लेनदेन और धांधली के आरोप मीडिया में आ चुके हैं।
चौहान ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर पार्टी खुद को देश की सबसे पुरानी राष्ट्रीय पार्टी बताती है, तो दूसरी ओर उसके नेता ही टिकट बिक्री और गुटबाजी के आरोप लगा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष तक पार्टी में स्लीपिंग सेल और जयचंदों की भरमार की बात स्वीकार कर चुके हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर सनातन, विकास और लोकतंत्र विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की अनैतिक गतिविधियों से कांग्रेस न सिर्फ अपनी छवि बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को भी नुकसान पहुंचा रही है।
