HTML tutorial
HTML tutorial

डीएम जनदर्शन: 239 शिकायतों का मौके पर समाधान, जरूरतमंदों को राहत और बेटियों की शिक्षा को नई दिशा

डीएम जनदर्शन: 239 शिकायतों का मौके पर समाधान, जरूरतमंदों को राहत और बेटियों की शिक्षा को नई दिशा
Spread the love

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनदर्शन/जनता दरबार में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी उदाहरण देखने को मिला। कार्यक्रम में कुल 239 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, हाउस टैक्स, बिजली-पानी बिल, फीस माफी, आर्थिक सहायता और रोजगार से जुड़े मामले प्रमुख रहे। डीएम ने सभी मामलों में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जनदर्शन में कई जरूरतमंदों को तत्काल राहत प्रदान की गई। विधवा कनिष्का गर्ग का ₹47,230 हाउस टैक्स जिला प्रशासन द्वारा जमा कराया गया, वहीं गरीब गंगा राम की पुत्री के विवाह के लिए ₹50 हजार की सहायता मौके पर स्वीकृत की गई। 66 वर्षीय विधवा नीलम के पानी के बिल का सेटलमेंट करते हुए ₹12,776 का भुगतान प्रशासन ने कराया।

आर्थिक रूप से कमजोर और विधवा महिलाओं के मामलों में प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए “प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा” के तहत बेटियों की शिक्षा को पुनर्जीवित करने की पहल की। रजनी कश्यप, हसीना, कविता, नसीम, पायल गोयल सहित कई महिलाओं की बेटियों की फीस माफी के निर्देश दिए गए। कैंसर पीड़ित धीरज रावत की पुत्री की शिक्षा का खर्च भी इसी योजना के तहत वहन किया जाएगा।
विधवा किरण धीमान को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उनकी पुत्री की शिक्षा योजना से जोड़ी गई, जबकि पुत्र की फीस माफी के लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।

जनदर्शन में राशन कार्ड, मुआवजा, भूमि विवाद और अन्य मामलों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं लखवाड़ बांध प्रभावितों को मुआवजा दिलाने, एफआईआर दर्ज कराने और भूमि धोखाधड़ी के मामलों की जांच के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी फरियादी को निराश नहीं लौटाया जाएगा और हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनदर्शन में प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता ने लोगों में न्याय का भरोसा और मजबूत किया।

देवभूमि खबर

Related articles