चारधाम यात्रा को लेकर डीएम सविन बंसल की सख्ती, ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 30 काउंटर व 30 मोबाइल टीमें तैनात
देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान ट्रांजिट कैंप में 30 पंजीकरण काउंटर और 30 मोबाइल टीमें तैनात करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे यात्रियों का पंजीकरण सुचारु रूप से हो सके।
बैठक के बाद निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में 24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम सक्रिय रखा जाए, जिसमें सभी विभागों के कार्मिक तैनात हों। साथ ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अलग-अलग कंट्रोल रूम भी संचालित किए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी स्क्रीन पर होटल, धर्मशालाओं और उपलब्ध बेड की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए डीएम ने ट्रांजिट कैंप में निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश और हरबर्टपुर में 24×7 मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी, जबकि यात्रा मार्ग के सभी पड़ावों और बैरियरों पर पेयजल, मोबाइल शौचालय और टेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से तत्काल 50 लाख रुपये स्वीकृत कर सफाई और फॉगिंग कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ट्रांजिट कैंप में कार्यरत लापरवाह फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के भी आदेश दिए गए हैं।
पेयजल निगम द्वारा समय पर कार्य पूरा न करने पर जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाते हुए उसकी कार्य अनुमति निरस्त कर दी है और 19 अप्रैल से पहले सभी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को यात्रा मार्गों के ब्लैक स्पॉट को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने को कहा गया है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें, जिससे यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकगीत सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश गोपालराम बिनवाल, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान नमित रमोला, जिला पूर्ति अधिकारी के.के अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ओमपाल सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक सैनी सहित समस्त संबंधी विभागों के आधिकारी उपस्थित रहे। `

