चारधाम यात्रा को लेकर श्रीनगर में ADG प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने की समीक्षा, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

चारधाम यात्रा को लेकर श्रीनगर में ADG प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने की समीक्षा, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
Spread the love

श्रीनगर। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान ने श्रीनगर में पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा के दौरान संभावित भारी भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गहन मंथन किया गया।

समीक्षा के दौरान ब्लैक स्पॉट, संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन, रूट डायवर्जन योजना और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र पर विशेष फोकस किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात को चरणबद्ध और सुचारु तरीके से संचालित किया जाए।

ADG प्रशासन ने प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल और रेस्क्यू टीमों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि धामों में मौसम, मार्गों की स्थिति और श्रद्धालुओं की संख्या की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाए तथा इसकी जानकारी यात्रियों तक समय-समय पर पहुंचाई जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को नियमित ब्रीफिंग देने और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के कारण यहां सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles