जनता दर्शन में बुजुर्ग की गुहार पर डीएम का बड़ा एक्शन ,सालों से दबा “अमल दरामद” प्रकरण, सदर राजस्व कानूनगो तत्काल निलंबित
देहरादून। जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने लापरवाही बरतने और कलक्टर के पूर्व आदेशों का पालन न करने पर सदर तहसील के कानूनगो राहुल देव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कड़ी कार्रवाई उस समय की गई जब जनता दर्शन में एक बुजुर्ग फरियादी ने वर्षों से लंबित प्रकरण की शिकायत डीएम से की।
गांधी रोड निवासी बुजुर्ग रविन्द्र सिंह ने जनता दर्शन में बताया कि उनकी भूमि से संबंधित धारा 28 के अंतर्गत 16 मई 2018 को कलक्टर द्वारा आदेश पारित किया गया था। वर्ष 2023 में उक्त आदेश को आर-6 में दर्ज कर कानूनगो माजरा को दिसंबर 2023 में प्राप्ति के लिए भेजा गया, लेकिन आज तक नक्शा दुरुस्त नहीं किया गया।
प्रशासनिक चेतावनियों के बावजूद लगातार अनदेखी कर रहे कानूनगो पर आखिरकार जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने तहसीलदार सदर को तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई हेतु पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और दोषी कानूनगो राहुल देव को निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। डीएम ने साफ संदेश दिया कि सरकारी आदेशों की अवहेलना और लंबित कार्यों की अनदेखी करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सतर्क हो जाएं, अन्यथा अगली कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

