आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने परिक्षेत्र के सभी जनपदों को धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के संबंध में दिए सख्त दिशा-निर्देश

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने परिक्षेत्र के सभी जनपदों को धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के संबंध में दिए सख्त दिशा-निर्देश
Spread the love

देहरादून। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने आगामी त्योहारों, स्नानों, पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत सभी जनपद प्रभारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने हेतु ठोस दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गढ़वाल क्षेत्र के विभिन्न जनपदों में स्थित धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे वहां भीड़ बढ़ जाती है। पूर्व में कुछ स्थानों पर भगदड़ जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिन्हें भविष्य में रोकने के लिए यह कार्ययोजना तैयार की गई है।

जारी किए गए प्रमुख निर्देश :

  1. धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए और उसी के अनुसार सुरक्षा इंतज़ाम सुनिश्चित किए जाएं।
  2. प्रत्येक धार्मिक स्थल का स्थानीय पुलिस व खुफिया इकाई द्वारा चिन्हांकन किया जाए, और यह भी आकलन किया जाए कि किस पर्व या आयोजन पर कितनी भीड़ एकत्र होती है।
  3. तैयार कार्ययोजना के अनुरूप प्रत्येक 15 दिन में सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, जिसमें सभी पहलुओं की गहन समीक्षा हो।
  4. पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरण, और उनकी निगरानी हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
  5. सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों के नेतृत्व हेतु उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को उत्तरदायित्व सौंपा जाए तथा पर्याप्त बल की तैनाती हो।
  6. समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाए ताकि कमियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर किया जा सके।
  7. मंदिर समितियों के साथ समन्वय बैठकें कर आवश्यक सुझाव लिए जाएं और उनके अनुरूप शीघ्र कार्यवाही की जाए।
  8. स्थानीय खुफिया इकाई से सूचना संकलन कर संवेदनशील स्थलों पर समय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आईजी राजीव स्वरूप ने निर्देश दिए कि सभी जनपद प्रभारी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और पर्व एवं आयोजनों के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखें।

देवभूमि खबर

Related articles