दून पुलिस की सटीक रणनीति से लुटेरों के मंसूबों पर फेरा पानी, 24 घंटे में लूट का खुलासा
देहरादून। दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की एक घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। घटना में लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है, जबकि वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने सीज़ कर दिया है। यह कार्रवाई थाना बसंत विहार क्षेत्र की है।
दिनांक 07-02-26 को वादिनी सुमन कुमारी पुत्री भिखारी सैनी, निवासी जनकपुरी नयागांव (मूल निवासी दरभंगा, मुस्तफापुर, बिहार) द्वारा थाना बसंत विहार पर प्रार्थना पत्र दिया गया। वादिनी ने बताया कि दिनांक 06 फरवरी 2026 की सायं वह शांतिकुंज, बसंत विहार काम पर जा रही थी। इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी सवार दो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर उसका नीले रंग का मोबाइल फोन REALME NOTE छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बसंत विहार पर तत्काल धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात स्कूटी सवार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा तत्काल घटना के अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए। निर्देशों के क्रम में पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त एवं जेल से छूटे अभियुक्तों का भी सत्यापन किया गया। वादिनी द्वारा बताए गए हुलिए का सीसीटीवी फुटेज से मिलान कर लगातार सुरागरसी-पतारसी की गई।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 08-02-26 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शास्त्रीनगर खाला जाने वाले मार्ग पर ट्रांसफार्मर के पास स्कूटी टीवीएस Antox संख्या UK07 BQ 2212 को रोका गया। स्कूटी चालक फैजल पुत्र हसनैन, निवासी प्रिंस चौक त्यागी रोड, देहरादून को सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी मनीष उर्फ काली निवासी अमृत विहार, पटेल नगर के साथ उक्त लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
अभियुक्त फैजल के कब्जे से घटना में लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। अभियुक्त ने बताया कि वह तथा उसका साथी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं लूटे गए मोबाइल के साथ धारा 309(4)/317(2) बीएनएस के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त फैजल पुत्र हसनैन निवासी प्रिंस चौक त्यागी रोड, कोतवाली देहरादून है। अभियुक्त के कब्जे से घटना में छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त वाहन स्कूटी टीवीएस Antox संख्या UK07 BQ 2212 को पुलिस द्वारा सीज़ किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध धारा 309(4)/317(2) बीएनएस के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई है।
उक्त कार्रवाई में पुलिस टीम में उ0नि0 दुर्गेश कोठियाल, उ0नि0 मुकेश नेगी, उ0नि0 दीपक धारीवाल, अ0उ0नि0 महेंद्र सिंह नेगी, हे0का0 जितेंद्र कुमार, का0 हेमंती नंदन, का0 अनुज, का0 मनोज, का0 ललित तथा का0 आशीष (SOG) शामिल रहे।
