दून विश्वविद्यालय छात्र परिषद के चुनाव संपन्न, प्रज्वल भट्ट अध्यक्ष और वैभव बर्थवाल सचिव निर्वाचित

दून विश्वविद्यालय छात्र परिषद के चुनाव संपन्न, प्रज्वल भट्ट अध्यक्ष और वैभव बर्थवाल सचिव निर्वाचित
Spread the love

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में छात्र परिषद के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। मंगलवार को छात्र परिषद के पदाधिकारियों के लिए मतदान हुआ, जिसमें विभिन्न स्कूलों और सोसाइटी के निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने मतदान किया। मतदान के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण की ओर से चुनाव परिणाम घोषित किए गए।

चुनाव में प्रज्वल भट्ट अध्यक्ष, आकृति नौटियाल उपाध्यक्ष, वैभव बर्थवाल सचिव, मौली भट्ट संयुक्त सचिव और निखिल बिनवाल कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एच.सी. पुरोहित ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एच.सी. पुरोहित ने दून विश्वविद्यालय की छात्र परिषद चुनाव प्रक्रिया को उत्कृष्ट एवं आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में छात्रों को किसी प्रकार का खर्च नहीं करना पड़ता। परिषद में प्रत्येक स्कूल से निर्वाचित प्रतिनिधि छात्र परिषद की कार्यकारिणी के सदस्य होते हैं। छात्र परिषद का चुनाव लड़ने के लिए छात्र का परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना तथा 75 प्रतिशत उपस्थिति होना अनिवार्य है।

कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थीकेंद्रित शिक्षण एवं शोध का वातावरण विकसित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षक और कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रो. आशीष कुमार, डॉ. प्राची पाठक, डॉ. कोमल, प्रो. एस.एस. सुथार, डॉ. सुनीत नैथानी, डॉ. आबशार अब्बासी, प्रशांत मेहता और दिनेश चन्द्र पुरोहित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles