यूकेएसएसएससी परीक्षा घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मुख्यमंत्री के तत्कालीन पीए सहित कई ठिकानों पर छापे; 1.28 करोड़ की संपत्ति जब्त और फ्रीज

यूकेएसएसएससी परीक्षा घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मुख्यमंत्री के तत्कालीन पीए सहित कई ठिकानों पर छापे; 1.28 करोड़ की संपत्ति जब्त और फ्रीज
Spread the love

देहरादून। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के देहरादून उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने 10 सितंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत देहरादून में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

ईडी के अनुसार मामला यूकेएसएसएससी की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं से संबंधित है। इस मामले में विजिलेंस थाने, देहरादून में प्राथमिकी दर्ज होने के आधार पर जांच की जा रही है।

तलाशी यूकेएसएसएससी के तत्कालीन अध्यक्ष एवं सचिव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, ओएमआर प्रोसेसिंग में लगी निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक तथा कथित साजिश से जुड़े बिचौलियों के ठिकानों पर की गई। इसके अलावा चंदन सिंह जीना के आवास पर भी तलाशी ली गई, जो वर्ष 2014 से 2017 तक पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तत्कालीन निजी सहायक एवं विशेष कार्याधिकारी के रूप में कार्यरत थे।

ईडी की जांच में सामने आया कि ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं को यूकेएसएसएससी की सुरक्षित अभिरक्षा से निकालकर तत्कालीन सचिव के निजी आवास पर पहुंचाया गया। वहां रोल नंबर अंकित करने के बाद इन्हें निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों को उत्तर पुस्तिकाओं में कथित रूप से फर्जी तरीके से उत्तर भरने और उनमें बदलाव करने के लिए सौंपा गया। इसके बाद पुस्तिकाओं को दोबारा सील किया गया। ईडी के अनुसार इसके बदले में मिलने वाली अवैध धनराशि बिचौलियों के माध्यम से पहुंचाई गई।

चंदन सिंह जीना के आवास पर तलाशी के दौरान 32 लाख रुपये की बेहिसाब भारतीय मुद्रा, करीब 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन बरामद की गईं। इनमें 13 सोने के सिक्के और 7 सोने की चेन शामिल हैं। इसके अलावा रोलेक्स, राडो, पियाजे, मोंडो, टिसोट और कैसियो एडिफाइस जैसे ब्रांडों की 12 लग्जरी घड़ियां भी बरामद की गईं।

ईडी ने चंदन सिंह जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों को धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 17(1ए) के तहत फ्रीज कर दिया है। जांच एजेंसी के अनुसार उनके खातों में 5.12 लाख रुपये से अधिक की राशि थी। तलाशी के दौरान उनके मोबाइल फोन भी फोरेंसिक जांच के लिए जब्त किए गए।

ईडी ने बताया कि अब तक चंदन सिंह जीना के आवास से जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 1.28 करोड़ रुपये है, जो अलग से मूल्यांकन की जा रही 12 लग्जरी घड़ियों की कीमत जुड़ने के बाद और बढ़ सकता है।

तलाशी अभियान के दौरान यूकेएसएसएससी के कई पूर्व अधिकारियों और उनसे जुड़े व्यक्तियों के ठिकानों से भी बेहिसाब नकदी बरामद की गई है। इसके साथ ही सोने के आभूषण भी अलग-अलग मामलों में बरामद हुए हैं। ईडी ने मामले में आगे की जांच जारी होने की जानकारी दी है।

देवभूमि खबर

Related articles