सेलाकुई हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, चाकू से वार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी पूर्व से एक-दूसरे के परिचित थे तथा दोनों सेलाकुई स्थित एक ही भवन में किराये पर रहते थे।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर की देर रात नियंत्रण कक्ष के माध्यम से थाना सेलाकुई को सूचना मिली कि जमनपुर क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति को चाकू मार दिया है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुभारती अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजपाल पुत्र तेजराम निवासी ग्राम फोटे कुआं, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनोज की बिल्डिंग, जमनपुर सेलाकुई, देहरादून, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि 21 सितंबर को आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का पहला जन्मदिन था। इस अवसर पर आरोपी ने अपने घर पर जन्मदिन की पार्टी आयोजित की थी, जिसमें उसने अपने परिचित लोगों को बुलाया था। पड़ोस में रहने वाले राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार करीब 10-15 दिन पहले भी शराब के नशे में खाने-पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से उनके बीच रंजिश चल रही थी।
पार्टी के दौरान दोनों के बीच बहस और हाथापाई हो गई। इसी दौरान राजपाल ने जितेंद्र कुमार को थप्पड़ मार दिया। इससे आक्रोशित होकर जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण राजपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा अपराध संख्या 143/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत जितेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना सेलाकुई से अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 सितंबर को जितेंद्र कुमार पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीरपुर हेमूपुर, तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनोज का मकान, जमनपुर सेलाकुई, देहरादून, उम्र 25 वर्ष को मेंटल हॉस्पिटल रोड, सहसपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर को उसकी बेटी का पहला जन्मदिन था और उसने घर पर पार्टी रखी थी। करीब 10-15 दिन पहले राजपाल के साथ शराब के नशे में खाने-पीने को लेकर उसका विवाद हुआ था, जिसके चलते उसने राजपाल को जन्मदिन की पार्टी में नहीं बुलाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस और मारपीट हुई। राजपाल द्वारा थप्पड़ मारने के बाद वह गुस्से में आ गया और उसने चाकू से राजपाल पर वार कर दिया।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सेलाकुई उपनिरीक्षक शैंकी कुमार, थानाध्यक्ष सहसपुर उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला, कांस्टेबल संजीत और कांस्टेबल सुधीर शामिल रहे।


