गन्ना समर्थन मूल्य बढ़ोतरी पर किसानों ने खटीमा में मुख्यमंत्री धामी का किया गर्मजोशी से स्वागत

गन्ना समर्थन मूल्य बढ़ोतरी पर किसानों ने खटीमा में मुख्यमंत्री धामी का किया गर्मजोशी से स्वागत
Spread the love

खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को खटीमा दौरे पर रहे। इस दौरान क्षेत्र के किसानों ने हाल ही में गन्ना समर्थन मूल्य में की गई उल्लेखनीय बढ़ोतरी के निर्णय पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने मुख्यमंत्री श्री धामी को गन्ना, तथा पर्वतीय क्षेत्रों की पारंपरिक कृषि उपज—गडेरी, माल्टा, अदरक और शहद से भरी विशेष टोकरी—भेंट की।

महेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग तीन लाख गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड सरकार ने हाल ही में गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि की है। अब शीघ्र प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य ₹375 से बढ़कर ₹405 प्रति क्विंटल तथा सामान्य प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य ₹365 से बढ़कर ₹395 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इस फैसले के बाद उत्तराखंड अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी अधिक गन्ना समर्थन मूल्य देने वाला राज्य बन गया है, जो गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में राज्य किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट, संदीप कुकसाल, हरीश सुनाल, नरेंद्र मेहरा, सोबन सिंह, भैरव खोलिया, रवीन्द्र रैकुनी, आनंदमणि भट्ट सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles