छाम में प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव का समापन, मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिभाग कर वितरित किए यूसीसी प्रमाण पत्र
टिहरी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज छाम, टिहरी गढ़वाल में सांस्कृतिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने भगवान नागराजा की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी लोक-संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अभियान चल रहा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल कॉरिडोर तथा बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम के भव्य स्वरूप इसके उदाहरण हैं। राज्य सरकार भी हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर सहित अनेक परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को खेलभूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की जा रही है। टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग सहित विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार, होम-स्टे, स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना एवं आयुष वेलनेस सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसे बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जा चुकी है और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों को जेल भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है तथा 6 हजार से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से एक-एक पाई की वसूली की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्व. अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार पहले दिन से उनके परिवार के साथ खड़ी है और आगे भी रहेगी। एसआईटी द्वारा लगभग ढाई वर्ष की गहन जांच के बाद प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर तीनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा हुई। अंकिता के माता-पिता द्वारा सीबीआई जांच की मांग पर सरकार ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए हर स्तर पर सहयोग दिया है।
कार्यक्रम में विधायक श्री प्रीतम सिंह पंवार एवं विधायक श्री किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में यूसीसी, नकल विरोधी कानून जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।
इस अवसर पर थौलधार ब्लॉक प्रमुख श्री सुरेंद्र भंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री ज्योत सिंह बिष्ट, श्री संजय नेगी, श्री विनोद उनियाल, ब्लॉक भाजयुमो प्रदेश महामंत्री श्री मुलायम सिंह रावत, पूर्व प्रमुख श्री खेम सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

