पटेलनगर में युवक हत्याकांड का 10 घंटे में खुलासा, छोटे भाई ने ही की थी हत्या; पुलिस ने किया गिरफ्तार

पटेलनगर में युवक हत्याकांड का 10 घंटे में खुलासा, छोटे भाई ने ही की थी हत्या; पुलिस ने किया गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पारिवारिक विवाद और मारपीट से क्षुब्ध होकर अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की और बाद में अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 की रात सूचना मिली कि भुड्डी गांव में एक युवक को अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर गोली मार दी है। घायल युवक सोहेल हारून को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून ने दावा किया कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उसके भाई को गोली मारकर फरार हो गया। हालांकि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में कोई बाहरी व्यक्ति घर में प्रवेश करता नहीं दिखा। पुलिस को घर के बाथरूम से एक देशी पिस्टल भी बरामद हुई, जिसके बारे में शाहिद संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

संदेह गहराने पर पुलिस ने शाहिद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी था और महंगे शौक पूरे करने के लिए घर से पैसे लेता रहता था। कुछ दिन पहले उसने पिता के एटीएम कार्ड से कथित रूप से करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात का पता चलने पर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई की थी, जिससे वह बेहद नाराज था।

पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में शाहिद ने हत्या की योजना बनाई। उसने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर उन्हें केवल लाइव मोड पर कर दिया और 14 जून की रात देशी पिस्टल से अपने बड़े भाई को गोली मार दी। हत्या के बाद उसने हथियार को बाथरूम में छिपा दिया और अज्ञात हमलावर की कहानी बनाकर खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश की।

इतना ही नहीं, आरोपी ने गांव के लोगों को भड़काकर मृतक के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर सड़क जाम कराया, ताकि पुलिस का ध्यान भटकाया जा सके और घटना को बाहरी हमला साबित किया जा सके। इस मामले में पुलिस ने शाहिद सहित अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ राजमार्ग जाम करने के आरोप में अलग से मुकदमा भी दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून (21 वर्ष) निवासी ग्राम भुड्डी, थाना पटेलनगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद कर ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles