नंदा की चौकी पुल मामले में शासन की सख्त, तीन दिन में जांच रिपोर्ट तलब
देहरादून। देहरादून–पांवटा साहिब पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पर नवनिर्मित पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के मामले में उत्तराखंड शासन ने सख्त रुख अपनाया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग को मामले की प्राथमिक जांच कर तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
28 जुलाई 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुल की एप्रोच रोड का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी संज्ञान में आई है। प्रथम दृष्टया यह मामला गंभीर होने के साथ जनहित एवं लोक सुरक्षा से जुड़ा है।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि मामले की प्राथमिक जांच कर उत्तरदायित्व तय किया जाए तथा तथ्यात्मक और अभिलेखीय साक्ष्यों सहित जांच आख्या तीन दिन के भीतर शासन को उपलब्ध कराई जाए। यदि जांच में किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील और जन सुरक्षा से संबंधित है, इसलिए जांच और आवश्यक कार्रवाई में किसी भी प्रकार का विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।


