सरस्वती विहार में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, बारिश में भी भक्तों में उत्साह
देहरादून। सरस्वती विहार विकास समिति, अजबपुर खुर्द, देहरादून द्वारा आज से शिव शक्ति मंदिर, सरस्वती विहार में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया गया।

कथा के प्रथम दिवस पर आज प्रातः सरस्वती विहार ब्लॉक ‘ई’ हरिद्वार बायपास से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान सर्वप्रथम समिति के पदाधिकारियों ने कथा व्यास पंडित सूर्यकांत बलूनी जी का स्वागत किया।
इसके उपरांत कलश यात्रा, सरस्वती विहार के विभिन्न ब्लॉकों से होती हुई शिव शक्ति मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान मूसलाधार बारिश भी शुरू हो गई, किंतु श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और यात्रा लगातार चलती रही।
स्थान-स्थान पर क्षेत्रीय दुकानदारों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों के आगे कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया एवं भक्तजनों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की।
कॉलोनी के बच्चों ने शिव व पार्वती के स्वरूप में यात्रा की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त कलाकारों द्वारा शिव के गणों की वेशभूषा में भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।
महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी कलश यात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी की, जिससे समूचा आयोजन जन-जन का पर्व बन गया।
कथा के प्रथम दिवस पंडित सूर्यकांत बलूनी ने कहा कि शिव कथा मानव कल्याण के लिए अत्यंत हितकारी है। उन्होंने कहा कि आज के युग में मन की वृत्तियों व बौद्धिक क्षमताओं के कारण पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। आत्म तत्व, मन से भी श्रेष्ठ है और वही मन की वृत्तियों को नियंत्रित करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अत्यंत प्रसन्नता है कि इस कथा में प्रकृति संरक्षण, जल संचय, स्वच्छता, समाजिक सुधार, स्वस्थ समाज तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे सामाजिक सरोकारों को भी स्थान दिया गया है।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री पंचम सिंह बिष्ट, सचिव श्री गजेंद्र भंडारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री बीएस चौहान, उपाध्यक्ष श्री कैलाश राम तिवारी, प्रचार सचिव एवं पार्षद श्री सोहन सिंह रौतेला, मंदिर संयोजक श्री मूर्ति राम बिजलवान, सह संयोजक श्री दिनेश जुयाल, वरिष्ठ मंत्री श्री अनूप सिंह फर्तियाल, कोषाध्यक्ष श्री विजय सिंह रावत, श्री मंगल सिंह कुट्टी, श्री जयपाल सिंह बर्तवाल, श्री जयप्रकाश सेमवाल, श्री मुकेश चमोली, आचार्य पं. उदय प्रकाश नौटियाल, पं. सुशांत जोशी, पं. अखिलेश बधानी, श्री बग्वालिया सिंह रावत, श्री बीपी शर्मा, श्री मोहन सिंह भंडारी, श्री जीएस तरियाल, श्री कैलाश रमोला, श्री नरेंद्र रावत, श्री एसएस नेगी, श्री एसएस गुसाई, श्री कुंदन सिंह राणा, श्री सुमेर चंद रमोला, श्री दिनेश गुसाईं, श्री कुमेर चंद रमोला, श्री संजीवन प्रसाद कुकशाल, श्री प्यारेलाल बेलवाल, श्री लेखराज सिंह बिष्ट, श्री उमराव सिंह राणा, श्री दिनेश जोशी तथा श्री विजय सिंह राणा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

