हरिद्वार पुलिस ने 21 साल से फरार ₹5000 का ईनामी गैंगस्टर को मुरादाबाद से किया गिरफ्तार
हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार के धैर्यवान नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को 21 साल से फरार ₹5000 के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश से आरोपी सूरज को धर दबोचा, जो 2003 से गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित था। जनपद हरिद्वार के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में वर्ष 2003 में गिरोह बनाकर टप्पेबाजी और अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने के मामले में सूरज सहित चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 205/23 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट दर्ज किया गया था।
आरोपी सूरज पुत्र सतपाल गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना और वेशभूषा बदलकर अलग-अलग जगहों पर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए स्पेशल गैंगस्टर जज, हरिद्वार द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था।
हरिद्वार एसएसपी के निर्देशानुसार कोतवाली नगर व CIU की संयुक्त टीम ने गहन छानबीन के बाद आरोपी को आदर्श कॉलोनी, 23 पीएसी भातु लाइन, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। आरोपी सूरज केवल 5वीं पास है और अपने गिरोह के साथ टप्पेबाजी की वारदातें अंजाम देता था। भाई की मृत्यु के बाद उसने अपने ही मृतक भाई की पत्नी से शादी की और उसके तीन बच्चों के साथ दिल्ली चला गया। दिल्ली में वह रिक्शा चला कर जीवनयापन कर रहा था, ताकि अपनी पहचान छिपा सके।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम: सूरज पुत्र सतपाल
निवासी: आदर्श कॉलोनी, 23 पीएसी भातु लाइन, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश
उम्र: 44 वर्ष
हरिद्वार पुलिस की इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी से वर्षों से लंबित एक बड़े अपराधी की आंखमिचौली खत्म हो गई है।
