गंगा के बीच टापू में फंसे 10 यात्रियों के लिए देवदूत बनी हरिद्वार पुलिस
हरिद्वार ।आज एक बड़ा हादसा टल गया जब गंगा के बीच बने टापू पर फंसे 10 यात्रियों को जल पुलिस ने सकुशल बचा लिया। अलग-अलग राज्यों से आए ये यात्री अग्रसेन घाट, रोडी बेलवाला क्षेत्र में गंगा का जलस्तर कम होने के कारण टापू तक पहुंच गए थे, लेकिन अचानक पानी बढ़ने से चारों ओर से घिर गए। बहाव तेज होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस की जल पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। बोट की सहायता से सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में हैदराबाद, केरल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के यात्री शामिल थे। इनमें गंगाधर (हैदराबाद), लियोन डेविड (केरल), भगवान सिंह, जगदीश, विपिन, विजनेश, अखिलेश (उत्तर प्रदेश), दिवाकर (उत्तराखंड) और अक्षय व सागर (हरियाणा) के रहने वाले थे। पुलिस की मुस्तैदी और तत्परता से इन सभी की जान बच गई, जिससे प्रशासन की आपदा प्रबंधन व्यवस्था की भी सराहना हो रही है।


