कुंभ से पहले हरिद्वार होगा अतिक्रमण मुक्त, डीएम मयूर दीक्षित ने दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कुम्भ मेला भवन (सीसीआर) में विभिन्न सेक्टरों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार नगर क्षेत्र के भूपतवाला-भीमगोड़ा, लालतारा पुल से ब्रह्मपुरी, मनसा देवी गेट, बाल्मीकि चौक, शिवमूर्ति से ज्वालापुर पुल तथा रोड़ी बेलवाला सहित अन्य क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने मनसा देवी मार्ग पर रेलवे पटरी के किनारे किए गए अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित स्थान को पूरी तरह साफ कर यह सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा अतिक्रमण न हो। कार्रवाई के दौरान संबंधित स्टेकहोल्डर्स से संवाद स्थापित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को मनसा देवी गेट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने तथा नगर निगम को बाल्मीकि चौक से लालतारा पुल के दाहिने हिस्से में अतिक्रमण हटाने के साथ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
रोड़ी बेलवाला से सीसीआर तक अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग से प्रभावी इनफोर्समेंट अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम को आपसी समन्वय से अभियान की कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने तथा सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन किए गए कार्यों की समीक्षा करने को कहा गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को नगर क्षेत्र में मौजूद अवैध विद्युत कनेक्शनों तथा झूलते तारों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में विद्युत संबंधी संभावित खतरों को समय रहते दूर किया जाना जरूरी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी कुंभ मेले को देखते हुए विभिन्न सेक्टर निर्धारित किए गए हैं, जहां स्थायी एवं अस्थायी निर्माण सहित अनेक कार्य प्रस्तावित हैं। अतिक्रमण के कारण किसी भी निर्माण अथवा आयोजन संबंधी कार्य में बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान हरिद्वार शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना बेहद आवश्यक है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई और विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में अतिक्रमण हटाने के लिए गठित टीमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, पुलिस-प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
