HTML tutorial
HTML tutorial

बढ़ते तापमान को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हर चिकित्सा इकाई में बनेंगे हीट स्ट्रोक रूम

बढ़ते तापमान को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हर चिकित्सा इकाई में बनेंगे हीट स्ट्रोक रूम
Spread the love

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। हीट वेव और हीट स्ट्रोक से बचाव एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि प्रत्येक जिले की चिकित्सा इकाइयों में विशेष “हीट स्ट्रोक रूम” स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि सभी हीट स्ट्रोक रूम में आइस पैक, आईवी फ्लूइड, ओआरएस सॉल्यूशन, आवश्यक दवाइयों एवं वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को हीट स्ट्रोक से संबंधित उपचार एवं आपातकालीन प्रबंधन के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य महानिदेशक ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा हीट स्ट्रोक से बचाव एवं जागरूकता के लिए पोस्टर, पंपलेट और प्रचार सामग्री सभी जिलों में भेजी जा चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को तेज धूप में बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने तथा शरीर में पानी की कमी न होने देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

डॉ. सुनीता टम्टा ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी और तेज धूप के समय घर से बाहर निकलने से बचें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

देवभूमि खबर

Related articles