केदारनाथ यात्रा मार्ग पर होमगार्ड जवान की ईमानदारी बनी मिसाल, खोया मोबाइल लौटाया

Spread the love


रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में तैनात पुलिस और सुरक्षाकर्मी लगातार श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हैं। इसी क्रम में भीमबली चौकी में तैनात होमगार्ड जवान प्रेम सिंह चौहान ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल सुरक्षित लौटाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार दिनांक 20 मई 2026 को रामबाड़ा और छोटी लिंचोली के बीच गश्त एवं ड्यूटी के दौरान जवान प्रेम सिंह चौहान को रास्ते में एक लावारिस मोबाइल फोन मिला। उन्होंने तत्काल मोबाइल को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर उसके वास्तविक स्वामी की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद मोबाइल स्वामी की पहचान मन बहादुर पुत्र गणेश बहादुर शाही, हाल निवासी गौरीकुंड के रूप में हुई।
आज 22 मई 2026 को चौकी भीमबली में मोबाइल स्वामी को बुलाकर उनका मोबाइल सुरक्षित सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर मन बहादुर ने उत्तराखंड पुलिस एवं होमगार्ड जवान की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षाकर्मियों की यह कार्यशैली श्रद्धालुओं में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles