दिल्ली स्थित लाल किले के समीप हुए कार धमाके के दृष्टिगत राज्य में हाई अलर्ट जारी
देहरादून।दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड द्वारा पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के सभी जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी जिला प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की त्वरित सूचना देने और सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कारें, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वाड को सक्रिय कर दिया गया है। ये टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर तलाशी एवं चेकिंग अभियान चला रही हैं।
राज्यस्तर पर सभी गतिविधियों की निगरानी पुलिस मुख्यालय कंट्रोल रूम से की जा रही है।
पुलिस महानिदेशक ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।
राज्य पुलिस पूर्ण सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखे हुए है।
