स्मैक-चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 4.50 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद

स्मैक-चरस के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 4.50 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद
Spread the love

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12.35 ग्राम स्मैक और 374 ग्राम चरस बरामद की है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पटेलनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान कबाड़ी पुल के पास से शब्बीर उर्फ बुच्चन को 12.35 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वहीं गोरखपुर तिराहा, बड़ोवाला के पास से तैय्यब को 374 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी में लिप्त हुए थे। दोनों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शब्बीर उर्फ बुच्चन पुत्र मुस्तफा, निवासी मकान संख्या 1291, दुर्गा मंदिर के निकट, लोहिया नगर, पटेलनगर, देहरादून, उम्र 34 वर्ष तथा तैय्यब पुत्र इकबाल, निवासी चंदाताल, मेहूंवाला, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक चरस के साथ गिरफ्तार तैय्यब का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 से 2025 तक पटेलनगर कोतवाली में शस्त्र अधिनियम, आबकारी अधिनियम, चोरी एवं अन्य धाराओं में कुल 13 अभियोग दर्ज हैं। इनमें शस्त्र अधिनियम के कई मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तैय्यब पूर्व में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में जेल भी जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा उनके विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles