एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता के निर्देश, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर

देहरादून। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से किये गये वायदों के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने और तकनीकी शिक्षा विभाग के भवनों को वापस सौंपने को भी कहा है।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास में तकनीकी शिक्षा विभाग, National Institute of Technology Srinagar तथा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने संस्थान को बिजली, पानी और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं, जबकि शेष कार्य संस्थान को स्वयं पूरे करने हैं।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य अनुबंधों के अनुरूप नहीं चल रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि देने वाले परिवारों और आसपास के ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में मंत्री ने एनआईटी प्रशासन को राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के अधिगृहित भवनों को चरणबद्ध तरीके से तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस करने के निर्देश भी दिये। इसके अलावा संस्थान परिसर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के वार्षिक स्थानांतरण समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विभाग के अंतर्गत सम्बद्ध एवं प्रतिनियुक्ति पर अन्य विभागों में तैनात सभी कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें मूल पदों पर वापस भेजने को कहा।
बैठक में अपर सचिव तकनीकी शिक्षा मनुज गोयल, डीन एनआईटी श्रीनगर प्रो. विवेक श्रीवास्तव, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, कुलसचिव एनआईटी श्रीनगर एच.एम. आजाद, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश माण्डेय, संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा आलोक मिश्र, उप निदेशक प्राविधिक शिक्षा एस.के. वर्मा सहित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

