चारधाम यात्रियों के लिए ऋषिकुल मैदान में पंजीकरण व्यवस्था सुदृढ़, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

हरिद्वार, 28 मई 2026। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने जानकारी दी कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए ऋषिकुल मैदान, हरिद्वार में यात्री पंजीकरण केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां लगातार यात्रियों का पंजीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि धामों में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ बढ़ने तथा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर पंजीकरण केंद्र में अस्थायी रूप से पंजीकरण बंद किया जाता है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पंजीकरण केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 20 पंजीकरण काउंटर बनाए गए हैं। इनमें विदेशी यात्रियों और बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है, जबकि महिलाओं और पुरुषों के लिए भी पृथक-पृथक पंजीकरण काउंटर संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र में पेयजल, बैठने के लिए कुर्सियां, पंखे और कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण स्टॉल भी स्थापित किया गया है तथा समुचित शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए पंजीकरण केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, जिससे यात्रा व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।

