कबूतरबाजी, भू-माफिया और नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

बैठक में एसएसपी ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले कबूतरबाजी एजेंटों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित सभी इमिग्रेशन एजेंसियों के लाइसेंस एवं दस्तावेजों की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों और भू-माफियाओं के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

एसएसपी ने नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान को और तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को चिन्हित कर जेल भेजा जाए। यदि किसी पुलिस कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसकी रिपोर्ट तत्काल उच्चाधिकारियों को भेजी जाए।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकी स्तर पर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने, न्यायालय से प्राप्त लंबित ई-समन का शत-प्रतिशत निस्तारण करने तथा बाहरी राज्यों के शस्त्र लाइसेंस धारकों का सतर्कता के साथ सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में एक वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित साइबर अपराधों के मामलों का शीघ्र निस्तारण, पुलिस चालानों की गुणवत्ता में सुधार तथा विधिक प्रक्रियाओं को और मजबूत बनाने पर भी विशेष बल दिया गया।
आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए एसएसपी ने सीपीयू एवं ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा और हेडसेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना एवं चौकी प्रभारियों को आम नागरिकों और व्यापारियों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जागरूक करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होती है तो संबंधित चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles