देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़, 13 गिरफ्तार
देहरादून। पुलिस और एसटीएफ ने एक अंतर्राष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अवैध रूप से कॉल सेंटर संचालित कर विदेशी नागरिकों को ठग रहा था। आरोपियों के पास से 13 लैपटॉप, वाईफाई राउटर, मोबाइल फोन, हेडफोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
गिरोह के सदस्य खुद को माइक्रोसॉफ्ट और एप्पल कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को निशाना बनाते थे। वे पॉप-अप मैसेज के जरिए पीड़ितों को डराते थे कि उनके सिस्टम में पोर्न हब जैसी वेबसाइटें खुली हैं, जिससे उनका डेटा चोरी हो सकता है। इसके बाद, X-LITE डायलर के जरिए संपर्क कर उनसे AnyDesk, TeamViewer, UltraViewer जैसे सॉफ़्टवेयर इंस्टॉल करवाकर सिस्टम का एक्सेस ले लेते थे और फिर फर्जी तकनीकी सहायता के नाम पर पैसे ऐंठते थे।
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि देहरादून के सहारनपुर रोड स्थित चमन विहार में ‘I Create Solution’ नामक कंपनी के नाम पर एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित हो रहा है। एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने छापा मारकर मौके से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एसएसपी एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि अगर किसी को ऐसे अवैध कॉल सेंटर की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

