आईटीबीपी और कौशल विकास विभाग मिलकर युवाओं को देंगे राफ्टिंग-माउंटेनियरिंग का प्रशिक्षण, रोजगार के नए अवसर

आईटीबीपी और कौशल विकास विभाग मिलकर युवाओं को देंगे राफ्टिंग-माउंटेनियरिंग का प्रशिक्षण, रोजगार के नए अवसर
Spread the love

देहरादून। विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में आईटीबीपी और कौशल विकास विभाग के बीच युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

मंत्री बहुगुणा ने कहा कि यह प्रदेश में अपनी तरह की पहली पहल है, जिसमें आईटीबीपी युवाओं को राफ्टिंग और माउंटेनियरिंग जैसे साहसिक खेलों में प्रशिक्षित करेगी और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें रोजगार भी प्रदान किया जाएगा। इस योजना के तहत 16 युवाओं के प्रत्येक बैच के प्रशिक्षण का खर्च कौशल विकास विभाग वहन करेगा, जबकि प्रमाण पत्र और प्लेसमेंट की जिम्मेदारी आईटीबीपी की होगी। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही कौशल विकास विभाग और आईटीबीपी के बीच एक एमओयू (समझौता) किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को साहसिक खेलों में रोजगार के अवसर मिलेंगे और पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां आईटीबीपी और पशुपालन विभाग ने मिलकर एमओयू किया था, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। इस समझौते के तहत आईटीबीपी ने प्रदेश के पशुपालकों और मत्स्य पालकों से बीते चार महीनों में लगभग सवा करोड़ रुपये की खरीदारी की है।

बैठक में कौशल विकास सचिव सी. रविशंकर, आईटीबीपी के महानिरीक्षक संजय गुंजियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles