आंगनबाड़ी केंद्रों में बांटे जा रहे सेनेटरी पैड पर जन संघर्ष मोर्चा के गंभीर आरोप, मंत्री रेखा आर्य को बर्खास्त करने की मांग

विकासनगर।जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में घटिया गुणवत्ता के सेनेटरी नैपकिन जबरन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनका दावा है कि इन पैड पर गुणवत्ता से संबंधित आईएसआई, आईएसओ या अन्य किसी मानक का स्पष्ट उल्लेख नहीं है, जिससे महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्रों में लगाई गई सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें उपयोग में नहीं आ रही हैं और सरकारी धन की बर्बादी साबित हो रही हैं। मोर्चा का कहना है कि पांच पैड वाले ₹15 के पैक को महिलाएं और किशोरियां उपयोग नहीं करना चाहतीं, जिसके कारण कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इसकी भरपाई अपने वेतन से करनी पड़ रही है।
रघुनाथ सिंह नेगी ने सवाल उठाया कि महिलाओं के स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर गुणवत्ता से समझौता क्यों किया जा रहा है और यदि इन उत्पादों के उपयोग से किसी प्रकार का संक्रमण या स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
जन संघर्ष मोर्चा ने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सेनेटरी पैड की गुणवत्ता की जांच करवाने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्रकार वार्ता में मोर्चा के पछवादून अध्यक्ष अमित जैन तथा ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल होंडा भी उपस्थित रहे।

