यूपी का ₹1 लाख का इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक अवैध तमंचे समेत गिरफ्तार

यूपी का ₹1 लाख का इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक अवैध तमंचे समेत गिरफ्तार
Spread the love

ऊधमसिंहनगर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के ₹1 लाख के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मामलों में वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम ने पुरानी चैती चौकी के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान योगेश मलिक उर्फ भदौरिया (53 वर्ष), निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत गिरफ्तार किया गया।

गहन पूछताछ और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के दौरान पुष्टि हुई कि योगेश मलिक उत्तर प्रदेश पुलिस का ₹1 लाख का घोषित इनामी अपराधी है। थाना गंगोह (सहारनपुर) पुलिस ने भी उसकी इनामी स्थिति की पुष्टि की है। आरोपी के खिलाफ मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और सहारनपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 46 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी के विस्तृत आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जा रही है।

इस कार्रवाई को ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अभियान में प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर, उपनिरीक्षक हरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, कांस्टेबल रमेश बंगयाल तथा पीआरडी जवान अनिल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles