क्षेत्राधिकारी चंबा श्री महेश लखेड़ा ने किया थाना छाम का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण
टिहरी।क्षेत्राधिकारी चंबा श्री महेश लखेड़ा ने थाना छाम का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, आपदा उपकरणों, सरकारी संपत्ति, माल मुकदमाती और आर्म्स-एम्युनेशन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने के कार्मिकों को शस्त्रों की हैंडलिंग, आवश्यक समय पर उनके बेहतर उपयोग और आपदा उपकरणों के कुशल प्रयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके बाद थाना परिसर के भोजनालय, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, कर्मचारी बैरक, महिला एवं शिशु सहायता पटल/बाल थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था भी चेक की गई, जो संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान थाना मालगृह का अवलोकन किया गया, जहां मुकदमाती माल, जब्त किए गए वाहन एवं अन्य सामग्री की जांच की गई। न्यायालय से संबंधित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए दोनों थाना प्रभारियों और मालखाना मोहर्रिर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही थाने में दर्ज अभिलेखों, लंबित शिकायती प्रार्थना पत्रों, न्यायालय और पुलिस अहकामातों, सूचना का अधिकार और सेवा का अधिकार से जुड़े अनुरोध पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
थाने की कैश बुक और विविध निधि कैश बुक की भी जांच की गई, जिसमें सभी धनराशि का लेखा-जोखा सही पाया गया।
अंत में क्षेत्राधिकारी चंबा ने थाने के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मेलन लिया, जिसमें उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं पर चर्चा की गई। थाना क्षेत्र को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील मानते हुए सभी कार्मिकों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

