गुजरात हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के मोबाइल फोन चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
देहरादून।दून पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। आरोपित गोविंद साहू को गिरफ्तार किया गया, जो गुजरात हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के दो मोबाइल फोन चुराने में शामिल था।
यह घटना 26 जनवरी 2025 को मसूरी रोड स्थित फुटहिल गार्डन वेडिंग पॉइंट पर हुई थी, जहां शातिर चोर ने एक शादी समारोह के दौरान प्रमुख न्यायधीश के दो आईफोन चुरा लिए थे। वादी श्री मूलचंद त्यागी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करते हुए, सर्विलांस के माध्यम से जाँच शुरू की। पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए मोबाइल फोन बिहार के सहरसा में एक व्यक्ति खलील के पास थे, जिसने ये फोन देहरादून के घंटाघर में एक राहगीर से खरीदे थे।
सर्विलांस की मदद से, टीम ने 10 फरवरी 2025 को गोविंद साहू को गिरफ्तार किया, जो बिहार का निवासी है और वर्तमान में देहरादून के चक्कूवाला क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वह पहले जोमैटो कंपनी में डिलीवरी बॉय था और अब रैपीडो में काम कर रहा था।
अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं, और वह पहले जेल जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

