मृतक का प्रतिरूपण कर जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश, कनखल पुलिस ने एक आरोपी दबोचा

मृतक का प्रतिरूपण कर जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश, कनखल पुलिस ने एक आरोपी दबोचा
Spread the love

हरिद्वार। कोतवाली कनखल पुलिस ने मृतक व्यक्ति को जीवित बताकर उसके नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उनके आधार पर जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में मृतक की पहचान का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल कर दस्तावेजों में हेराफेरी की गई थी। अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 14 अगस्त 2026 को शशांक त्यागी पुत्र वीरेंद्र, निवासी अवंतिका चिरंजीव विहार, थाना कविनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश ने कोतवाली कनखल में तहरीर दी। वादी ने आरोप लगाया कि शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता, निवासी आशुतोष विहार, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार ने अपने साथियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर मृतक विनोद कुमार का प्रतिरूपण किया।

आरोप है कि मृतक विनोद कुमार को जीवित दर्शाते हुए वादी की भूमि से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और इन दस्तावेजों को असली बताकर इस्तेमाल करते हुए धोखाधड़ी के जरिए भूमि हड़पने का प्रयास किया गया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में मु0अ0सं0 262/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 319(2) बीएनएस की भी पुष्टि हुई।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए 17 अगस्त 2026 को नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और तलाश की कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता, निवासी आशुतोष विहार, जगजीतपुर, कोतवाली कनखल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।

इस कार्रवाई में व0उ0नि0 अनुज सिंह,उ0नि0 नरेंद्र सिंह,हे0का0 जसबीर चौहान,कानि0 प्रलव चौहान शामिल रहे

देवभूमि खबर

Related articles