चकबंदी कार्यालय रुड़की में कानूनगो कृष्णपाल ₹2000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, आरोपी के आवास पर तलाशी जारी
रुड़की। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (Vigilance Establishment) की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी कार्यालय रुड़की में तैनात कानूनगो कृष्णपाल को ₹2000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके स्वर्गीय भाई की पांच बेटियों को उनकी पैतृक कृषि भूमि पर हक नहीं मिल रहा था। इस संबंध में उन्होंने बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी रुड़की में वाद दायर किया था। पहले भी कानूनगो कृष्णपाल द्वारा फाइल में रिपोर्ट लगाने के एवज में ₹4000 लिए गए थे। अब फाइल को चकबंदी अधिकारी को भेजने के लिए ₹2000 की अतिरिक्त रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई चाहता था।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद, सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने योजना बनाकर 19 फरवरी 2025 को तहसीलदार कार्यालय रुड़की के पास आरोपी कृष्णपाल को ₹2000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद, सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम ने अभियुक्त के आवास और अन्य स्थानों पर तलाशी शुरू कर दी है ताकि उसकी चल-अचल संपत्ति की जांच की जा सके।
सफल ट्रैप कार्रवाई के लिए निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेसन ने टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
अगर किसी भी सरकारी विभाग में कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है या आय से अधिक अवैध संपत्ति अर्जित करता है, तो तत्काल सतर्कता अधिष्ठान के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर संपर्क करें और भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें।

