बुजुर्ग व्यक्ति की गुमशुदगी/अपहरण की गुत्थी सुलझी, हत्या की साजिश में शामिल दो गिरफ्तार

बुजुर्ग व्यक्ति की गुमशुदगी/अपहरण की गुत्थी सुलझी, हत्या की साजिश में शामिल दो गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। थाना पटेलनगर पुलिस ने बुजुर्ग व्यक्ति की गुमशुदगी और अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के लिए तीन दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया गया है।

दिनांक 7 फरवरी 2025 को सुश्री निधि राठौर ने थाना पटेलनगर में अपने पिता श्री श्यामलाल गुरुजी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि गुमशुदा व्यक्ति की आखिरी बातचीत गीता नाम की महिला से हुई थी। कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग में गीता, उसके पति और श्यामलाल गुरुजी की एक ही स्थान पर मौजूदगी पाई गई। जब पुलिस ने आगे जांच की, तो गीता और उसके पति हिमांशु के अचानक घर से फरार होने और उनके मोबाइल फोन बंद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध नंबरों की जांच की और गीता के भाई अजय कुमार को देवबंद, सहारनपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान अजय कुमार ने खुलासा किया कि गीता और उसके पति हिमांशु ने मिलकर श्यामलाल गुरुजी की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए उससे मदद मांगी थी।

अजय कुमार ने बताया कि हत्या के बाद शव को देवबंद ले जाकर साखन नहर में फेंक दिया गया। वहीं, मृतक की मोटरसाइकिल को पुलिस को गुमराह करने के लिए देहरादून आईएसबीटी बस अड्डे के पास खड़ा कर दिया गया और उसकी नंबर प्लेट हटा दी गई। इसके बाद अजय कुमार और धनराज चावला ने शव को एक प्लास्टिक के कट्टे में रस्सियों से बांधकर कार की डिग्गी में रखा और देवबंद पहुंचकर उसे नहर में फेंक दिया। हत्या में शामिल हिमांशु चौधरी देहरादून के एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज का एमबीबीएस छात्र है।

देवबंद से गिरफ्तार आरोपियों के नाम अजय कुमार पुत्र रामपाल (22 वर्ष), निवासी देवबंद, सहारनपुर और धनराज चावला पुत्र संजय चावला (30 वर्ष), निवासी कैलाशपुर कॉलोनी, देवबंद हैं। वहीं, इस मामले में गीता और उसका पति हिमांशु चौधरी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया है। इस दौरान हत्या से जुड़े और साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे। पुलिस ने मृतक की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UK-07-DT-1685) और मोटरसाइकिल के कागजात की छायाप्रति बरामद की है।

पुलिस ने आम जनता से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

देवभूमि खबर

Related articles