दून पुलिस की सटीक रणनीति से लल्लन गैंग गिरफ्तार, दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा

दून पुलिस की सटीक रणनीति से लल्लन गैंग गिरफ्तार, दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा
Spread the love

देहरादून। राजधानी में सक्रिय लल्लन गैंग आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसएसपी दून की रणनीति और पुलिस टीम की मेहनत से गैंग के सरगना लल्लन समेत उसका साथी राजू गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक नाबालिग को पुलिस ने संरक्षण में लिया है। इनके पास से चोरी की गई स्कूटी, करीब तीन लाख रुपये के आभूषण, पंद्रह मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ है। बरामद माल की कुल कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार हाल ही में प्रेमनगर क्षेत्र के वीरावड़ी गांव में बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाया गया था, जहां से चोर स्कूटी, ज्वेलरी और अन्य सामान उड़ा ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन इलाके में कोई सीसीटीवी न होने के कारण सुराग पाना मुश्किल था। इसके बावजूद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की धरपकड़ की कोशिशें तेज कर दीं।

गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने जामुनवाला तिराहे के पास दबिश दी और लल्लन तथा उसके साथी राजू को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने न केवल प्रेमनगर की चोरी स्वीकार की बल्कि यह भी कबूल किया कि उन्होंने कोतवाली नगर क्षेत्र की गांधी रोड स्थित एक मोबाइल शॉप से पंद्रह मोबाइल फोन चोरी किए थे।

लल्लन मूल रूप से बिहार का निवासी बताया जा रहा है जो लंबे समय से देहरादून में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता आ रहा था। उसके गिरोह के सदस्य चोरी के बाद सामान छिपा देते थे और मौका देखकर बेचने की फिराक में रहते थे।

पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई स्कूटी, ज्वेलरी, पंद्रह मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है। गिरफ्तार किए गए लल्लन और राजू को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जबकि नाबालिग को जे.जे. बोर्ड के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया।

इस सफलता के पीछे थानाध्यक्ष प्रेमनगर उपनिरीक्षक कुन्दन राम के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, उपनिरीक्षक आशिष रबियान और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि शहर में सक्रिय अन्य ऐसे गैंग पर भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles