बोर्ड परीक्षार्थियों के डाटा अपडेशन की अंतिम तिथि 4 अगस्त तक बढ़ी, सभी स्कूलों को शत-प्रतिशत विवरण अपलोड करने के निर्देश

देहरादून/रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2027 के संस्थागत परीक्षार्थियों के डाटा अपडेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 4 अगस्त 2026 कर दी है। परिषद ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित अवधि के भीतर छात्रों का शत-प्रतिशत विवरण बोर्ड के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने बताया कि डाटा अपडेशन के लिए पोर्टल 15 जुलाई से 31 जुलाई तक खुला था, लेकिन कुछ विद्यालय निर्धारित समय में यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके। विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए परिषद ने अंतिम अवसर देते हुए तिथि बढ़ाई है, ताकि किसी भी छात्र को बोर्ड परीक्षा से संबंधित परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 4 अगस्त के बाद डाटा अपडेशन की तिथि किसी भी स्थिति में नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके बाद यदि किसी छात्र के विवरण में त्रुटि या विसंगति पाई जाती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी। परिषद ने विद्यालयों को 4 अगस्त से नामावली तैयार करने का विकल्प भी उपलब्ध कराने की जानकारी दी है।
सचिव ने बताया कि कक्षा 10 एवं 12 के संस्थागत विद्यार्थियों के नवीन पंजीकरण और स्थानांतरण के लिए पोर्टल 11 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के नवीन पंजीकरण के लिए पोर्टल 25 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।
परिषद ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर डाटा अपडेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराएं, ताकि बोर्ड परीक्षा प्रक्रिया सुचारु, त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सके।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बोर्ड परीक्षार्थियों का डाटा समय पर और त्रुटिरहित अपलोड होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यालयों से निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत डाटा अपडेट करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, समयबद्ध और छात्रहितैषी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

