महादेव मैठाणी बने भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ टिहरी के जिला संयोजक, शिक्षकों में खुशी की लहर
टिहरी । अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय महामंत्री एवं शिक्षक नेता महादेव मैठाणी को भारतीय जनता पार्टी ने टिहरी गढ़वाल के शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर प्रदेशभर के शिक्षक संगठनों और शिक्षक-कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
महादेव मैठाणी उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी होने के साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच, टिहरी गढ़वाल के सलाहकार भी हैं। वे पूर्व में नई टिहरी नगर पालिका के सभासद, अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न सामाजिक एवं शिक्षक संगठनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा जाना उनकी सक्रिय कार्यशैली, संगठनात्मक क्षमता और शिक्षक हितों के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग की समस्याओं के समाधान को नई गति मिलेगी।
प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. योगेश जोशी, कोषाध्यक्ष मनमोहन सिंह नेगी, प्रांतीय मंत्री कपूर सिंह पंवार, सुनील पैन्यूली, नीरज बर्मा सहित प्रदेश, मंडल और विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों एवं शिक्षक-कर्मचारियों ने महादेव मैठाणी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व का भी आभार व्यक्त किया।

